किशनगंज-ठाकुरगंज-गलगलिया रेलखंड पर दोपहर में ट्रेन चलाने की मांग काे लेकर सांसद ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज-ठाकुरगंज-गलगलिया रेलखंड पर दोपहर में ट्रेन चलाने की मांग काे लेकर सांसद ने रेल मंत्री को लिखा पत्र


किशनगंज, 13 अक्टूबर (हि.स.)। किशनगंज से ठाकुरगंज और गलगलिया की ओर दोपहर के समय पर्याप्त रेल सुविधा उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों को हो रही परेशानी को लेकर सांसद डॉ. मो. जावेद आजाद ने रेल मंत्री से अतिरिक्त यात्री ट्रेन चलाने की मांग की है।

इस संबंध में उन्होंने रेल मंत्री, रेल मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली को पत्र लिखकर जनहित में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि किशनगंज लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत किशनगंज से ठाकुरगंज एवं गलगलिया की ओर दोपहर के समय उपयुक्त रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। दोपहर 12 बजे के बाद उपयुक्त ट्रेन नहीं मिलने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। इससे दैनिक आवागमन करने वाले लोगों का समय भी बर्बाद होता है।

सांसद ने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच किशनगंज से ठाकुरगंज एवं गलगलिया की दिशा में एक अतिरिक्त यात्री ट्रेन का परिचालन शुरू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि नई ट्रेन चलाना तत्काल संभव नहीं हो, तो मौजूदा ट्रेनों के समय में आवश्यक बदलाव करने पर विचार किया जाए, ताकि दोपहर के समय यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिल सके।

इस मांग के समर्थन में अधिवक्ता डॉ. बलराम साह की ओर से भेजे गए पत्र को भी सांसद ने अपने पत्र के साथ संलग्न किया है। उन्होंने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजी है। अब क्षेत्र के यात्रियों को उम्मीद है कि रेलवे इस मांग पर गंभीरता से विचार करेगा और दोपहर के समय अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में उचित कदम उठाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760107 Articles

Share this story