विद्यालयों के सामने पिंक पेट्रोलिंग की मांग, एसपी को सौंपा आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
विद्यालयों के सामने पिंक पेट्रोलिंग की मांग, एसपी को सौंपा आवेदन


किशनगंज, 21 अगस्त (हि.स.)। नगर क्षेत्र के प्रमुख विद्यालयों के सामने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पिंक पेट्रोलिंग फिर से शुरू करने की मांग उठी है। इस संबंध में शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री साहिल कुमार ने पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को आवेदन देकर विद्यालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आग्रह किया है।

आवेदन में कहा गया है कि नगर क्षेत्र में कई विद्यालय संचालित हैं, जहां कक्षा एक से 12वीं तक सैकड़ों छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालयों में छुट्टी के समय और अन्य समय पर कुछ असामाजिक तत्व मोटरसाइकिल से विद्यालयों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमते और भीड़ लगाते देखे जाते हैं। इससे विद्यालय से निकलने वाले छात्र-छात्राओं में भय का माहौल बनता है।

आवेदन के अनुसार, कई बार ऐसे लोगों द्वारा छात्र-छात्राओं को रोकने का प्रयास भी किया जाता है।विद्यालय प्रशासन अपने स्तर से परिसर के अंदर विद्यार्थियों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास करता है, लेकिन विद्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग आवश्यक है।

साहिल कुमार ने कहा कि छात्र-छात्राएं देश और समाज का भविष्य हैं। विशेष रूप से छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक से नगर के प्रमुख विद्यालयों के सामने छुट्टी के समय विशेष रूप से पिंक पेट्रोलिंग की व्यवस्था पुनः शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे विद्यालयों के आसपास असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और छात्राओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। आवेदन में उम्मीद जताई गई है कि पुलिस प्रशासन इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story