बिहार के 141 रेलवे समपारों पर आरओबी निर्माण की मांग, मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
बिहार के 141 रेलवे समपारों पर आरओबी निर्माण की मांग, मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने रेल मंत्री को लिखा पत्र


बिहार के 141 रेलवे समपारों पर आरओबी निर्माण की मांग, मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने रेल मंत्री को लिखा पत्र


किशनगंज, 07 अप्रैल (हि.स.) बिहार उद्योग एवं पथ निर्माण विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने बिहार में शेष 141 रेलवे समपारों पर सड़क ऊपरी पुल (आरओबी) निर्माण की स्वीकृति प्राथमिकता के आधार पर देने को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजा है।

मंत्री डॉ. जायसवाल ने पत्र में कहा है कि बिहार में सड़कों पर लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव के कारण रेलवे समपारों पर जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहीं आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होती है। पत्र में बताया गया कि रेल मंत्रालय द्वारा राज्य सरकार के अनुरोध पर बिहार में कुल 219 रेलवे समपारों पर सड़क ऊपरी पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेलवे बोर्ड द्वारा इनमें से 78 आरओबी के निर्माण को स्वीकृति दी जा चुकी है, जिसके लिए मंत्री ने रेल मंत्रालय के प्रति आभार भी व्यक्त किया है। मंत्री ने कहा कि राज्य में शेष बचे 141 समपारों पर यातायात का अत्यधिक दबाव है और बार-बार जाम लगने से आमजन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इन स्थानों पर आरओबी निर्माण होने से यातायात सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और ट्रेनों का आवागमन भी अधिक सुरक्षित हो सकेगा। डॉ. जायसवाल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में शेष 141 रेलवे समपारों पर आरओबी निर्माण की स्वीकृति रेलवे जोनवार प्राथमिकता सूची के आधार पर शीघ्र प्रदान करने का अनुरोध किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story