पूर्व डिप्टी सीएम ने बांटी बैट्री ट्राईसाइकिल, 3 नवविवाहिताओं को ₹1-1 लाख का फिक्स्ड डिपॉजिट
कटिहार, 01 सितंबर (हि.स.)। सदर प्रखंड अंतर्गत सिरनियाँ पश्चिम पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक तारकिशोर प्रसाद ने दिव्यांगजनों एवं सामाजिक सुरक्षा योजना के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों व प्रमाण पत्रों का वितरण किया। कार्यक्रम में संबल योजना के तहत कुल 5 दिव्यांगजनों को बैट्री चालित ट्राईसाइकिल प्रदान की गई।
इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित 'मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना' के तहत तीन चयनित लाभुकों—श्रीमती रिया कुमारी, श्रीमती कुमारी काजल एवं श्रीमती शिवानी कुमारी को 01-01 लाख रुपये का सावधि जमा प्रमाण-पत्र (फिक्स्ड डिपॉजिट) सौंपा गया। इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को स्वावलंबी बनाने और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
वितरण कार्यक्रम के दौरान स्थानीय प्रखंड प्रमुख, सिरनियाँ पश्चिम पंचायत के मुखिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कटिहार, अंचल पदाधिकारी (सीओ) कटिहार सहित कई वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

