छपरा में कड़े सुरक्षा के बीच दो केंद्रों पर डीएलएड परीक्षा शुरू

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 24 जुलाई (हि.स.)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशानुसार सारण जिले में शुक्रवार से डीएलएड फेस-टू-फेस परीक्षा 2026 शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में शुरू हो गई। परीक्षा संचालन के लिए जिला मुख्यालय में दो केंद्र राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छपरा और गांधी विद्यालय-सह-इंटर कॉलेज, दौलतगंज बनाए गए हैं।

परीक्षा दो पालियों सुबह 9:30 से 12:45 और दोपहर 2:00 से 5:15 बजे में आयोजित की जा रही है। सत्र 2024–26 द्वितीय वर्ष की परीक्षा 24 से 28 जुलाई तक तथा सत्र 2025–27 प्रथम वर्ष की परीक्षा 31 जुलाई से 07 अगस्त तक चलेगी।

सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण व्यवस्था के दृष्टिकोण से सदर अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा परीक्षा केंद्रों के 500 गज के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी, दंडाधिकारी, पुलिस बल और उड़नदस्ता दल तैनात हैं।

परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। जूता-मोजा, मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच और कैलकुलेटर पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। आसपास की फोटोकॉपी दुकानें बंद करा दी गई हैं। सुचारू संचालन के लिए सदर अनुमंडल कार्यालय में नियंत्रण कक्ष 06152-242444 स्थापित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story