पिपरा को मिली राजकीय डिग्री कॉलेज की सौगात, सांसद दिलेश्वर कामैत ने किया उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
पिपरा को मिली राजकीय डिग्री कॉलेज की सौगात, सांसद दिलेश्वर कामैत ने किया उद्घाटन


सुपौल, 15 जुलाई (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सोमवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। राजकीय बुनियादी विद्यालय बसहा परिसर में नवनिर्मित राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पिपरा का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।

सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामैत ने शिलापट्ट का अनावरण कर फीता काटते हुए महाविद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2026-27 की भी औपचारिक शुरुआत की गई।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि यह महाविद्यालय पिपरा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि अब स्थानीय छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए सुपौल, सहरसा, दरभंगा या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे विद्यार्थियों का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा।सांसद ने मुख्यमंत्री के उस संकल्प का भी उल्लेख किया कि बिहार का कोई भी छात्र दूरी या आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि इस महाविद्यालय से ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा, क्योंकि अब वे अपने घर के निकट रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की स्थापना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। शिक्षकों, लिपिकों और अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति के साथ-साथ कोचिंग संस्थानों, स्टेशनरी दुकानों, छात्रावासों तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने पिपरा में राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया और इसे क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story