दरौली और सिसवन में डिग्री कॉलेज स्थापना की तैयारी तेज, डीएम ने किया भूमि निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
दरौली और सिसवन में डिग्री कॉलेज स्थापना की तैयारी तेज, डीएम ने किया भूमि निरीक्षण


सीवान, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार और आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। बुधवार को जिला पदाधिकारी ने दरौली और सिसवन प्रखंड का दौरा कर प्रस्तावित डिग्री कॉलेजों के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया।

इसके साथ ही दरौली में निर्माणाधीन सरकारी परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

दरौली प्रखंड में जिलाधिकारी ने प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के लिए चयनित कृषि फार्म की भूमि का निरीक्षण किया। इसके बाद नव-निर्मित प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का जायजा लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता और कार्य पूरा करने की समयसीमा पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने सरयू नदी तट पर निर्माणाधीन स्नान गृह-सह-मल्टीपरपज हॉल (मैरिज हॉल) का भी निरीक्षण कर गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने और निर्धारित समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

इसके बाद जिलाधिकारी सिसवन प्रखंड पहुंचे, जहां सिसवन पंचायत में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के लिए आवंटित भूमि का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि की वर्तमान स्थिति, सीमांकन और परियोजना से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करते हुए राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि यदि किसी प्रकार की बाधा हो तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कॉलेज स्थापना की प्रक्रिया में कोई विलंब न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि सिसवन और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़े, इसी उद्देश्य से डिग्री कॉलेज की स्थापना की जा रही है। इससे क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी और शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर सृजित होंगे।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को भूमि एवं निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि जिला प्रशासन जनहित की योजनाओं और शिक्षा क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) सहित दोनों प्रखंडों के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story