रक्षा निर्यात में रिकॉर्ड उछाल, 38,000 करोड़ रूपये के पार – आत्मनिर्भर भारत की बड़ी जीतः प्रेम रंजन पटेल
पटना, 03 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने देश के रक्षा निर्यात में हुई ऐतिहासिक वृद्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि भारत की बढ़ती ताकत, आत्मनिर्भरता और वैश्विक साख का स्पष्ट प्रमाण है। हालिया आंकड़ों के अनुसार, भारत का रक्षा निर्यात ₹38,000 करोड़ के पार पहुंच गया है, जो अब तक का सर्वोच्च स्तर है।
प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और उनकी “आत्मनिर्भर भारत” सोच का परिणाम है। साथ ही मेक इन इंडिया अभियान ने देश में रक्षा उत्पादन को नई दिशा और गति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि पहले भारत रक्षा उपकरणों के लिए विदेशी देशों पर निर्भर था, लेकिन आज भारत मिसाइल, हथियार और अत्याधुनिक रक्षा प्रणालियों का निर्यात कर विश्व मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। यह परिवर्तन देश की नीतिगत दृढ़ता और निर्णायक नेतृत्व का परिणाम है।
प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में रक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं, जिससे उत्पादन क्षमता में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी ने भी इस क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि रक्षा निर्यात में यह वृद्धि न केवल आर्थिक मजबूती का संकेत है, बल्कि इससे देश में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं और युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है।
प्रेम पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए संकल्पित है और आने वाले समय में भारत रक्षा उत्पादन एवं निर्यात के क्षेत्र में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

