खुद काे बचाने की काेशिश में नहर में डूबने से हिरण की मौत

WhatsApp Channel Join Now
खुद काे बचाने की काेशिश में नहर में डूबने से हिरण की मौत


-ग्रामीणों ने बताया हिरण नेपाल में जंगल के तरफ से भटक कर आया था

पूर्वी चंपारण,24 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के हरैया थाना क्षेत्र के चिकनी गांव के समीप सैनिक रोड के आसपास मंगलवार की सुबह एक हिरण देखा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हिरण नेपाल में जंगल के तरफ से भागते हुए आ रहा था और जोकियारी चौक के समीप पहुंचते ही लोगों की भीड़ को देखकर इधर-उधर भागने लगा। इसी क्रम में हिरण ने नहर को छलांग मार कर पार करने की कोशिश की लेकिन वह बीच नहर में ही गिर गया। नहर के बीच जलकुंभी में फंस जाने के कारण वह खुद को इससे नहीं निकाल सका और पानी में डूबने से हिरण की मौत हो गई। बाद में हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम के द्वारा घटनास्थल पर पहुंच कर पानी से हिरण के मृत शरीर को निकाला गया और दूरभाष पर वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।

हिरण मिलने की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैली और बड़ी संख्या में लोग यहां जमा हो गए। पुलिस की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम मृत हिरण के शरीर को अपने साथ लेकर चली गई।

इस संबंध में डीएफओ पूर्वी चंपारण राज कुमार शर्मा ने बताया कि थाना से मिले सूचना के आधार पर मृत हिरण को अभिरक्षा में लेकर बेतिया वाइल्डलाइफ अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, यदि हिरण की मौत स्वभाविक होगी तो पंचनामा तैयार कर उसको दफना दिया जाएगा, यदि मौत किसी अन्य कारण से होती है तो प्राथमिकी दर्ज होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

Share this story