राघोपुर नाव हादसा प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा, दोषी अधिकारियों पर हो कड़ी कार्रवाईः राजेश राम

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 14 अक्टूबर (हि.स.)। वैशाली जिले के राघोपुर में भीषण नाव दुर्घटना में 13 बच्चों की डूबने से हुई मौत पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

उन्होंने इस हृदयविदारक घटना को अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताते हुए मृतक बच्चों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।

राजेश राम ने कहा कि मासूम बच्चों की इस तरह असमय मौत पूरे समाज को झकझोर देने वाली घटना है। जिन परिवारों ने अपने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के सपनों के साथ बड़ा किया, उन परिवारों पर आज दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस अपूरणीय क्षति की भरपाई किसी भी कीमत पर संभव नहीं है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस दुर्घटना के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते और संबंधित अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से किया होता, तो इस तरह की दर्दनाक घटना को रोका जा सकता था। उन्होंने कहा कि मासूमों की जान की कीमत पर प्रशासनिक लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

राजेश राम ने राज्य सरकार से मांग की कि दुर्घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय हो तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, मृतक बच्चों के परिजनों को उचित मुआवजा और हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नावों के परिचालन में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासनिक निगरानी बढ़ाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760552 Articles

Share this story