नालंदा जिले में पानी भरे गड्ढे में डूबने से बच्चे की मौत

WhatsApp Channel Join Now

नालंदा, बिहारशरीफ 05 मार्च (हि.स.)।नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र अंतर्गत पोआरी गांव में डेढ़ वर्षीय मासूम की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। पोआरी गांव के वार्ड संख्या 13 स्थित महादलित टोला निवासी सुधीर मांझी के डेढ़ वर्षीय पुत्र प्रेमन कुमार की घर के पास खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है।परिजन ने बताया कि उस समय घर के सभी सदस्य भोजन बनाने में व्यस्त थे और बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। खेलते-खेलते प्रेमन कुमार पास के पानी भरे गड्ढे में गिर गया। कुछ देर तक जब बच्चा दिखाई नहीं दिया तो परिजन ने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान देखा गया कि वह पानी भरे गड्ढे में पड़ा है। आनन-फानन में बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।पुलिस द्वारा गुरुवार को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story