संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, परिजन ने लगाया हत्या का आरोप
भागलपुर, 13 मई (हि.स.)। जिले के बाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्टीकरी गांव में बुधवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान पूजा कुमारी, पति मुनेश्वर कुमार के रूप में हुई है।
घटना के बाद मृतिका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। परिजन के अनुसार पूजा कुमारी की शादी वर्ष 2013 में कस्टीकरी गांव निवासी मुनेश्वर कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मृतका अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियों को छोड़ गई है। बताया जा रहा है कि पूजा कुमारी मूल रूप से खड़गपुर तेगड़ा, थाना खरगापुर, जिला मुंगेर की रहने वाली थी।
मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल में अक्सर विवाद होता रहता था और दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। परिजन ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले भी पति-पत्नी और दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई थी।
पंचायत में दोनों पक्षों के बीच समझौते के तहत बाउंड्री बनाने की बात तय हुई थी। इस संबंध में तैयार किए गए बॉन्ड की कॉपी भी मृतका के परिजन के पास उपलब्ध है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं मृतका के परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

