अज्ञात ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, एक बच्चे की मौत

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 16 अगस्त (हि.स.)।

जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के भतोरिया बाईपास के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार और लापरवाही का एक खौफनाक मंजर देखने को मिला।

एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पर सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में सफल रहा।

घटना की सूचना मिलते ही 102 मुफ्त एंबुलेंस सेवा की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। 102 एंबुलेंस के क्लस्टर लीडर ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही आपातकालीन टीम को तुरंत घटना स्थल के लिए रवाना किया गया। एंबुलेंस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत रेस्क्यू किया।

गंभीर रूप से घायल लोगों और मृत बच्चे के शव को आवश्यक चिकित्सकीय और कानूनी प्रक्रिया के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां घायलों का इलाज जारी है। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में जिला प्रशासन और परिवहन विभाग की कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि भतोरिया बाईपास अब दुर्घटना संभावित क्षेत्र (ब्लैक स्पॉट) बनता जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद रफ्तार पर नियंत्रण और प्रभावी निगरानी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिला परिवहन विभाग में अधिकारियों की तैनाती और प्रभार की व्यवस्था लचर है। विभाग में कई मोटर यान निरीक्षक तो तैनात हैं, लेकिन जिला परिवहन पदाधिकारी का मुख्य पद रिक्त है और इसका अतिरिक्त प्रभार खगड़िया के अधिकारी के पास है। लोगों का आरोप है कि स्थायी अधिकारी न होने से जिले की यातायात और सड़क सुरक्षा निगरानी भगवान भरोसे चल रही है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस भतोरिया बाईपास और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story