थाना मोड़ पर खुला नाला बना मौत का जाल, अज्ञात महिला की गई जान

WhatsApp Channel Join Now
थाना मोड़ पर खुला नाला बना मौत का जाल, अज्ञात महिला की गई जान


सीवान, 07 जुलाई (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र के थाना मोड़ पर मंगलवार को सड़क किनारे बिना ढक्कन के खुले नाले में गिरने से एक अज्ञात महिला की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला काफी देर से थाना मोड़ के आसपास दुकानदारों से खाने-पीने के लिए मांग रही थी। इसी दौरान वह नाले के किनारे बैठ गई।

अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीधे खुले नाले में जा गिरी। काफी देर तक किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। बाद में वहां से गुजर रहे एक सब-इंस्पेक्टर की नजर नाले में पड़ी महिला पर गई।

उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मृतका की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

नगर इंस्पेक्टर अविनाश कुमार ने बताया कि फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिलेगी। पहचान होने पर परिजनों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story