मिक्सर मशीन के चपेट में आने से मजदूर की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मिक्सर मशीन के चपेट में आने से मजदूर की मौत


भागलपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के हटिया रोड निवासी संतोष यादव की बुधवार को कार्यस्थल पर हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि संतोष यादव ढलाई का काम करते थे और रोज़ की तरह निर्माण स्थल पर मिक्सर मशीन से काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिक्सर मशीन असंतुलित होकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल मायागंज (मायागंज) पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने तक उनकी हालत काफी नाजुक हो चुकी थी। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। संतोष यादव अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजन रो-रोकर बेसुध हो गए और गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता दी जाए, ताकि उनके आश्रितों का जीवन किसी तरह संभल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story