अतिथि शिक्षक की संदिग्ध मौत, छानबीन में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
अतिथि शिक्षक की संदिग्ध मौत, छानबीन में जुटी पुलिस


भागलपुर, 22 मार्च (हि.स.)। जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में रविवार को एक अतिथि शिक्षक राकेश कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक राकेश खरीक थाना क्षेत्र के अंबो गांव का रहने वाला था और टीएनबी कॉलेज में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत था। वह पिछले लगभग तीन वर्षों से विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के परबत्ती स्थित किराए के मकान में रह रहा था। मकान मालिक प्रदीप कुमार मंडल के अनुसार मृतक अपना अधिकांश समय कमरे के भीतर अध्ययन और शैक्षणिक कार्य में बिताता था।

घटना वाले दिन उसकी सरहज ने मकान मालिक को फोन कर बताया कि वह लगातार कॉल करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं कर रहा है। सूचना मिलने पर जब मकान मालिक कमरे के पास पहुँचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा खोलकर देखा गया तो वह मृत अवस्था में मिला। कमरे के अंदर उल्टी के निशान भी पाए गए। जिससे किसी गंभीर बीमारी या अन्य संदिग्ध कारण की आशंका जताई जा रही है।

मकान मालिक ने तत्काल स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story