संदिग्ध परिस्थिति में मुंशी का शव बरामद, एफएसएल जांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now
संदिग्ध परिस्थिति में मुंशी का शव बरामद, एफएसएल जांच शुरू


भागलपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। पुलिस जिला नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र के जमुनिया बहियार स्थित निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन से शनिवार को पुलिस ने मुंशी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया है।

घटना की सूचना पुलिस को सुबह करीब 10 बजे मिली। सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद नवगछिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया।

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम से वैज्ञानिक जांच शुरू करा दी है। मृतक की पहचान कदवा थाना क्षेत्र के आश्रम टोला निवासी बृजेश कुमार 33 वर्ष पिता नित्यानंद यादव, के रूप में हुई है। वह निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन में मुंशी के रूप में कार्यरत थे।

प्राथमिक जांच में मृतक के सिर पर दो स्थानों पर किसी भारी वस्तु से चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि मृतक नशे का आदी था और घटना का कारण नशे से जुड़ा विवाद भी हो सकता है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की बात कही है।

फिलहाल पुलिस शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटी है तथा मामले की गहन जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story