संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, पति हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, पति हिरासत में


भागलपुर, 24 जून (हि.स.)।

जिले के सबौर थाना क्षेत्र स्थित संतनगर रजंदीपुर गांव में बीती रात नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पप्पू कुमार मंडल की पत्नी कंचन कुमारी (26) के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर मौके पर पहुंची सबौर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका के पिता इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के छोटी परवत्ता गांव निवासी सुनील मंडल ने अपनी बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ संतनगर रजंदीपुर पहुंचे वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनकी बेटी का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। इस स्थिति को देखकर उन्हें संदेह हुआ कि यह आत्महत्या का मामला नहीं है। सुनील मंडल ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है और घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पुत्री कंचन कुमारी की शादी पप्पू कुमार मंडल के साथ की थी।

शादी के बाद दंपती को एक बच्चा भी हुआ। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में पारिवारिक विवाद की बातें सामने आने लगी थीं हालांकि उन्होंने किसी विशेष कारण का खुलासा नहीं किया, लेकिन कहा कि उनकी बेटी के साथ ससुराल में अक्सर परेशानी होती थी। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मच गया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोग भी पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आने की बात कह रहे हैं। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए सबौर थाना पुलिस ने मृतका के पति पप्पू मंडल को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। सबौर थानेदार बिट्टू कमल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही परिजन के आरोपों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story