संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत, छानबीन में जुटी पुलिस
भागलपुर, 13 जून (हि.स.)। जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र के धनौरा गांव में शनिवार को 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। मृतक की पहचान लोरिक यादव के पुत्र सूरज कुमार यादव, निवासी धनौरा गांव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सूरज कुमार की शादी महज एक माह चार दिन पहले रक्षा कुमारी के साथ हुई थी। रक्षा कुमारी, साधु यादव की पुत्री हैं और उनका मायका कहलगांव थाना क्षेत्र के बांद्रा बगीचा में बताया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, घरेलू विवाद की सूचना मिलने पर सूरज कुमार बाहर से गांव पहुंचे थे। इसके बाद पति-पत्नी दोनों बगीचे की ओर गए, जहां यह घटना हुई। सूरज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रक्षा कुमारी की जान बच गई।
मृतक की बहन ने आरोप लगाया है कि उसके भाई की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया। हालांकि, इस आरोप की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
परिजन एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
फिलहाल पूरे इलाके में घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

