हाइवा और ई-रिक्शा में भिड़ंत, टोटो चालक की मौत, छह यात्री घायल

WhatsApp Channel Join Now
हाइवा और ई-रिक्शा में भिड़ंत, टोटो चालक की मौत, छह यात्री घायल


भागलपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एकचारी-मोहनपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रसलपुर थाने के ठीक सामने एक तेज रफ्तार हाइवा और यात्रियों से भरी ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई।

इस हादसे में 22 वर्षीय ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा में सवार छह यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में जान गंवाने वाले ई-रिक्शा चालक की पहचान सनोखर थाना क्षेत्र के सिलहन खजुरिया गांव निवासी लुटेश्वर ठाकुर के 22 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में की गई है। वहीं, दुर्घटना में घायल हुए लोगों में ब्रजेश तांती 26 वर्ष सिलहन खजुरिया, भुवनेश्वर पासवान 50 वर्ष भिरौनधा, राजेश मंडल 50 वर्ष बसंतराय थाना क्षेत्र, प्रिंस कुमार 18 वर्ष बसंतराय थाना क्षेत्र, रोजी देवी 40 वर्ष बसंतराय थाना क्षेत्र और आयुष कुमार 12 वर्ष बसंतराय थाना क्षेत्र शामिल हैं।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने ब्रजेश तांती, भुवनेश्वर पासवान और राजेश मंडल की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया है। बाकी अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है। मृतक अमित कुमार अपने चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। वह टोटो चलाकर अपने परिवार की आजीविका में हाथ बंटाता था। जैसे ही अमित की मौत की खबर सिलहन खजुरिया गांव पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है।

थाने के पास दुर्घटना की आवाज सुनते ही रसलपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। इसके बाद मृतक अमित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766984 Articles

Share this story