कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, बेटा और अन्य महिला घायल

WhatsApp Channel Join Now
कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, बेटा और अन्य महिला घायल


भागलपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर जगदीशपुर थाना क्षेत्र के सन्हौला मोड़ के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक पर पीछे बैठी एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका बेटा और एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक महिला बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के तिलकपुर गांव निवासी राकेश पोद्दार की पत्नी वन्दना देवी (42) के रूप में की गई है। वहीं, घायलों में उनका पुत्र गुरुदेव पोद्दार और गांव की ही सुदामा देवी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, वन्दना देवी अपने बेटे गुरुदेव और गांव की सुदामा देवी के साथ बाइक पर सवार होकर गोनूधाम पूजा करने गई थीं। पूजा-अर्चना करने के बाद जब तीनों वापस अपने घर रजौन की तरफ लौट रहे थे, तभी सन्हौला मोड़ के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। इस दौरान वन्दना देवी के सिर में गंभीर चोट आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के तुरंत बाद मौके से कुछ ही दूरी पर स्थित पुलिस चेक पोस्ट पर तैनात जवानों ने तत्परता दिखाई। पुलिस बल ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों हताहतों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर पहुंचाया। जहाँ तैनात चिकित्सकों ने वन्दना देवी को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक महिला के परिजन रोते-बिलखते जगदीशपुर अस्पताल पहुंचे, जिससे अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।

हादसे को अंजाम देने के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था लेकिन पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुछ ही दूरी तक खदेड़कर कंटेनर को जब्त कर लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया।

जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल कंटेनर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story