तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने बुजुर्ग को कुचला, अस्पताल में शव छोड़कर चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कबीरपुर रोड स्थित गौरीपुर मस्जिद के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में रहमतबाग निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग मजदूर मो. अजहर की मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, मो. अजहर सोमवार सुबह सड़क किनारे बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार टोटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मानवता दिखाते हुए टोटो चालक खुद ही घायल बुजुर्ग को अपने वाहन पर लादकर सदर अस्पताल ले गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद आरोपी चालक घबरा गया। वह कानूनी कार्रवाई के डर से बुजुर्ग के शव को अस्पताल परिसर में ही छोड़कर अपने टोटो समेत मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है, जिसमें पूरी घटना और आरोपी चालक का वाहन साफ नजर आ रहा है। मधुसूदनपुर थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ई-रिक्शा और उसके चालक की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बुजुर्ग की मौत के बाद परिजन में कोहराम मचा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story