ट्रक और बाइक की टक्कर में महिला की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now
ट्रक और बाइक की टक्कर में महिला की मौत, दो गंभीर रूप से घायल


भागलपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र के जमसी के समीप भागलपुर गोराडीह सड़क मार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की सीधी टक्कर में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार अलीपुर पिथना का रहने वाला है। बाइक पर सवार होकर सभी लोग घर से भागलपुर डॉक्टर के पास दिखाने जा रहे थे। इसी दौरान जमसी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे मोबिना (60 वर्ष), पति - मो. नाजिम की मौत घटनास्थल पर ही हो गई,जबकि मो. अफरोज (30 वर्ष), पिता - समीम और बीबी सायना (26 वर्ष), पति - मो. अफरोज की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे से गुस्साए आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया और मुआवजे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सड़क जाम होने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही लोदीपुर थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गंभीर घायलों को तुरंत इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। पुलिस आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के प्रयास में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story