सैर पर निकली महिला की सड़क हादसे में मौत, पति घायल

WhatsApp Channel Join Now
सैर पर निकली महिला की सड़क हादसे में मौत, पति घायल


भागलपुर, 30 जून (हि.स.)। जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पति घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि नाथनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी स्वर्गीय बैकू पासवान के लगभग 50 वर्षीय पुत्र बहादुर पासवान अपनी 47 वर्षीय पत्नी के साथ घर से निकले थे। दोनों गोपालपुर पेट्रोल पंप के समीप सड़क किनारे चल रहे थे।

इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि पति को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल मायागंज लाया गया।

इलाज के दौरान चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल पति का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद नाथनगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतका के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन व चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story