डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, महिला की मौत


भागलपुर, 10 जून (हि.स.)। जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाइपास स्थित कांझिया के पास बुधवार सुबह डिवाइडर से एक कार टकरा गई। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि कार चालक को अचानक झपकी आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार 40 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं चालक को मामूली चोटें आई हैं।

बताया जा रहा है कि कार मालिक और चालक वेदव्यास अपनी भतीजी को इग्नू की परीक्षा दिलाने के लिए सासाराम गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद वे अपने एक मित्र की बेटी को पटना छोड़कर उसकी मां गीता शर्मा के साथ भागलपुर लौट रहे थे।

मंगलवार की रात दोनों पटना से रवाना हुए थे। सफर के दौरान सभी लोग बातचीत कर रहे थे। इसी बीच सुबह के समय चालक को झपकी आ गई और कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई। तेज रफ्तार कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में कार में सवार गीता शर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतका अंबे निवासी गुरुदेव शर्मा की 40 वर्षीय पत्नी गीता शर्मा थीं।

उधर घटना की सूचना मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story