सड़क हादसे में एक की मौत, एक घायल

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में एक की मौत, एक घायल


भागलपुर, 05 जून (हि.स.)। जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार एक सड़क हादसे में बहनोई की मौत हो गई, जबकि उसका साला गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना हबीबपुर थाना क्षेत्र के गौराचक्की के समीप का है।

मृतक की पहचान तमौनी शाहपुर निवासी मोहम्मद नजीर उर्फ गुड्डू (50) के रूप में हुई है, जबकि घायल मोहम्मद शमी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। दोनों आपस में साला-बहनोई हैं।

बताया जा रहा है कि मोहम्मद नजीर अपने बहनोई मोहम्मद शमी को ट्रेन पकड़वाने के लिए बाइक से भागलपुर स्टेशन जा रहे थे। दोनों एक ही बाइक पर सवार थे। इसी दौरान गौरा चक्की के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायलों के मोबाइल फोन से परिजनों का नंबर निकालकर घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। वहीं सूचना पर हबीबपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेजा गया।

मृतक के पुत्र मोहम्मद गुलजार ने बताया कि उनके पिता सुबह अपने साले मोहम्मद शमी को पटना जाने वाली ट्रेन पकड़वाने के लिए भागलपुर स्टेशन जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। दोनों घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े हुए थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उनके पिता मोहम्मद नजीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं मोहम्मद शमी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

इधर, घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। हबीबपुर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने और चालक की गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story