तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से युवक की मौत
भागलपुर, 26 मई (हि.स.)। जिले के बाईपास थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में फेरी कर परिवार चलाने वाले युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है ।
मृतक अपने घर का इकलौता कमाने वाला था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि इशाकचक थाना क्षेत्र के बरहपुरा पूरब टोला निवासी रिज़बी पप्पू फेरी करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बाईपास थाना क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस घायल युवक को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लेकर गई। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो युवक की हालत बेहद गंभीर थी।
इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक रिज़बी पप्पू अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। उसकी मौत के बाद पत्नी और दो छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

