बरारी गंगा घाट पर डूबने से छात्र की मौत
भागलपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर के बरारी गंगा घाट पर शुक्रवार को स्नान के दौरान डूबने से जगदीशपुर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आर्यन कुमार के रूप में हुई है, जो गणेश मंडल के पुत्र थे और महम्मदपुर फुलवरिया गांव के निवासी थे।
बताया जा रहा है कि आर्यन कुमार अपने घर से बरारी घाट नहाने के लिए गया था। नहाने के दौरान वह अनजाने में गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों को जब तक घटना की जानकारी होती, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। आर्यन कुमार कक्षा 8 का छात्र था और पढ़ाई में भी अच्छा बताया जा रहा है। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

