इलाज के दौरान एएसआई की मौत

WhatsApp Channel Join Now
इलाज के दौरान एएसआई की मौत


भागलपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। भागलपुर के मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में गुरुवार को गोड्डा टाउन थाना में एएसआई पद पर कार्यरत अशोक यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस विभाग और परिवार में शोक है। बताया जा रहा है कि अशोक यादव मूल रूप से भोजपुर जिले के आरा निवासी थे और वर्तमान में झारखंड के गोड्डा नगर थाना में एएसआई के पद पर तैनात थे।

बताया जा रहा है कि रात में टहलने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे एक मंजिल से नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के तुरंत बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए गोड्डा के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनकी हालत लगातार बिगड़ती देख डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट होने के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी रही। तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना की खबर मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। पुलिस महकमे में भी शोक का माहौल है।

सहकर्मियों ने अशोक यादव को कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार अधिकारी बताया। फिलहाल पुलिस द्वारा आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंपे जाने की तैयारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story