गंगा में डूबे युवक का शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now
गंगा में डूबे युवक का शव बरामद


भागलपुर, 23 मई (हि.स.)। भागलपुर के बरारी पुल घाट पर बीते 20 मई को चलती नाव से गंगा नदी में कूदे युवक का शव शनिवार क़ बरामद कर लिया गया है।

शव सबसे पहले एंबुलेंस बनी नाव के नाविक लाल बहादुर मंडल ने देखा। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना नियंत्रण कक्ष में मौजूद आपदा मित्र अमित कुमार को दी। सूचना मिलते ही आपदा मित्रों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को रस्सी से बांधा और इसकी जानकारी एसडीआरएफ टीम को दी। इसके बाद आपदा मित्र अमित कुमार, तुलसी यादव और सनोज कुमार ने गंगा नदी से रस्सी के सहारे शव को किनारे तक पहुंचाया। बाद में एसडीआरएफ टीम की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया।

उधर सूचना के बाद बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

उल्लेखनीय है कि उक्त युवक ने 20 मई को नाव से गंगा में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के दिन एसडीआरएफ टीम ने काफी देर तक खोजबीन की थी, लेकिन शव बरामद नहीं हो सका था। शनिवार सुबह युवक का शव पानी में ऊपर आ गया। युवक ने लूजर और शर्ट पहन रखी थी तथा शव पूरी तरह फूल चुका था।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story