महिला का मिला शव,पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
महिला का मिला शव,पुलिस जांच में जुटी


अररिया 12 सितम्बर(हि.स.)। जिले के आरएस थाना क्षेत्र में राजा पोखर के पास शनिवार को एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। रजोखर से चंद्रदेई जाने वाली सड़क किनारे शव को देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना आरएस थाना पुलिस को दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मृतका की पहचान आरएस सहनी टोला वार्ड संख्या चार निवासी विजय सहनी की 30 वर्षीय पत्नी फूल कुमारी के रूप में हुई है।

परिजनों के मुताबिक, फूल कुमारी राजमिस्त्री के साथ मजदूरी का काम करती थी। शुक्रवार सुबह वह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी।लेकिन देर शाम तक वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, पर कोई जानकारी नहीं मिली।

शनिवार सुबह एक ई-रिक्शा चालक ने परिजनों को राजा पोखर के पास एक महिला का शव मिलने की जानकारी दी। महिला के हाथ पर गोदना से विजय सहनी और फूल कुमारी गोदा हुआ था।

सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान फूल कुमारी के रूप में की। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों ने फूल कुमारी की हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव की गर्दन और पेट पर धारदार हथियार से वार के निशान दिख रहे हैं।

घटना की सूचना पर आरएस थाना पुलिस के साथ एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा किया और और थानाध्यक्ष को जरूरी निर्देश दिए।थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला के शरीर पर जख्म के निशान हैं,जो बताता है कि उनके साथ मारपीट हुई है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story