सड़क किनारे गड्ढे में अग्निशामक सिपाही का शव बरामद,बेगूसराय का रहने वाला था प्रदीप कुमार
अररिया 05 नवम्बर(हि.स.)।
जिले के रानीगंज थाना अंतर्गत बरबन्ना स्थित स्टेट हाईवे-77 पर वाईएनपी कॉलेज के सामने सड़क किनारे गड्ढे में गुरुवार को रानीगंज अग्निशामक वाहन पर प्रतिनियुक्त अग्निक सिपाही प्रदीप कुमार का शव संदिग्ध हालत में मिला।प्रदीप कुमार पिता उपेन्द्र यादव बेगूसराय जिला के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के श्रीचंद्रपुर वार्ड संख्या 14 का रहने वाला था।
गुरुवार को स्थानीय लोगों द्वारा गड्ढे में शव देखे जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।जिसके बाद रानीगंज थाना पुलिस के साथ एसपी जितेन्द्र कुमार,सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
एसपी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि सड़क किनारे स्थित गड्ढे में ऊपर से गिरने के कारण नाक एवं मुंह के पास चोट लगी हो, जिससे मत्यु होने की आशंका है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है तथा मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है। सूचना के बाद मृतक के परिजन बेगूसराय से अररिया पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

