बिहार के मधेपुरा में सड़क दुर्घटना के शिकार हुए चौथे युवक का शव बरामद

WhatsApp Channel Join Now
बिहार के मधेपुरा में सड़क दुर्घटना के शिकार हुए चौथे युवक का शव बरामद


बिहार के मधेपुरा में सड़क दुर्घटना के शिकार हुए चौथे युवक का शव बरामद


मधेपुरा, 29 मार्च (हि.स.)। बिहार में मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा प्रखंड के अरार घाट पुल के नीचे सुरसर नदी में डूबी कार के चौथे युवक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। हादसे के बाद से लापता चल रहे युवक की तलाश पिछले दो दिनों से जारी थी। रविवार सुबह करीब एक किलोमीटर दूर नदी किनारे ग्रामीणों ने शव को पानी में उपलाता देखा, जिसे स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला।

मृतक की पहचान मधेपुरा शहर के जयपालपट्टी वार्ड-15 निवासी सागर कुमार (25) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अरार पुल से लगभग एक किलोमीटर दूर छपरिया वासा वार्ड-11 के पीछे सुरसर नदी के मोड़ के पास शव पानी के ऊपर आ गया था। स्थानीय ग्रामीणों ने नाव की मदद से सुबह करीब 9 बजे शव को नदी से बाहर निकाला और किनारे रखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया।

बताया जा रहा है कि शनिवार को एसडीआरएफ की टीम ने दिनभर सागर कुमार की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी। इससे पहले शनिवार को ही कार में सवार तीन अन्य युवकों के शव बरामद कर लिए गए थे। इनमें भीरखी वार्ड-23 निवासी घनश्याम कुमार, सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र के मोकमा निवासी अंकित कुमार और सौर बाजार थाना क्षेत्र के परसाही निवासी बसंत कुमार शामिल थे।

घटना शुक्रवार रात की है, जब चारों युवक ग्वालपाड़ा में मेला देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान अरार घाट पुल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और दो टेलीफोन के पुराने खंभे को तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे सुरसर नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार का विंडो ग्लास टूट गया था, जिसके कारण दो युवक नदी में बह गया, जबकि दो युवक का शव कार से बरामद किया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची थी। तीन शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को ही करा लिया गया था, जबकि चौथे युवक के शव का रविवार को पोस्टमार्टम कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Prashant Kumar

Share this story