गंगा किनारे अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद, छानबीन में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 16 जून (हि.स.)। जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र के जोगी बाबा स्थान के समीप मंगलवार को गंगा किनारे एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

लोगों ने गंगा किनारे शव मिलने की सूचना तुरंत औद्योगिक थानाध्यक्ष को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। इसके बाद फॉरेंसिक जांच टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।

मृतक की पहचान जियाउद्दीनपुर चौका निवासी संतू मंडल के रूप में की गई है। थानाध्यक्ष ने प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे गंगा नदी में डूबने से हुई मौत बताया है। दूसरी तरफ, मृतक संतू मंडल के परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है।

परिजन का कहना है कि संतू के मृत शरीर पर चोट के गहरे निशान हैं, खासकर माथे और सिर के पिछले हिस्से पर जख्म साफ देखे जा सकते हैं।

पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

बताया जा रहा है कि संतू मंडल रोज की तरह अपने मवेशियों के लिए घास लाने गंगा पार मखुजान मौजा दियारा क्षेत्र में गया था। लेकिन जब वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा, तो परिवार वाले चिंतित हो गए और सुबह सीधे उसकी लाश मिलने की खबर आई।

घटना की जानकारी मिलते ही जियाउद्दीनपुर चौका गांव से भारी संख्या में आक्रोशित ग्रामीण गंगा घाट पर जमा हो गए। ग्रामीणों में स्थानीय पुलिस और अपराधियों के खिलाफ जबरदस्त गुस्सा देखा गया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story