डीडीसी ने कदमहा पंचायत में विकास योजनाओं का लिया जायजा
सुपौल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने बुधवार को मरौना प्रखंड की कदमहा पंचायत में विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने पंचायत में चल रहे विकास कार्यों और कायाकल्प अभियान के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने पंचायत में कराए जा रहे ईंट सोलिंग, पीसीसी सड़क सहित अन्य विकास कार्यों का स्थल पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी ली और स्थानीय लोगों से भी योजनाओं के संबंध में पूछताछ की।
स्थानीय लोगों से कार्य की गुणवत्ता और उपयोगिता के बारे में जानकारी लेते हुए उन्होंने आवश्यक निर्देश दिए। कायाकल्प अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालय गिरमोहन टोला में निर्माणाधीन चारदीवारी का भी उप विकास आयुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
मौके पर कदमहा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि एवं मरौना के प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद थे। उप विकास आयुक्त ने कायाकल्प अभियान के तहत पंचायत में चयनित अन्य योजनाओं की भी जानकारी ली और लंबित कार्यों को शीघ्र शुरू कर निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने कायाकल्प अभियान के तहत कराए जा रहे कार्यों को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। लोगों ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से पंचायत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा। ग्रामीणों ने योजनाओं को समय पर पूरा कराने की अपेक्षा जताई।
प्रखंड विकास पदाधिकारी, मरौना ने उप विकास आयुक्त को बताया कि कायाकल्प अभियान के तहत चयनित सभी योजनाएं जनोपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

