कोसी की राजनीति का बड़ा चेहरा: बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की ली शपथ
सुपौल, 15 अप्रैल (हि.स.)। बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत वरिष्ठ जदयू नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव ने आज बिहार के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। पटना में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस मौके पर सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि विजय कुमार चौधरी ने भी उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। नई सरकार के गठन के साथ ही बिहार की राजनीति में एक नया राजनीतिक समीकरण सामने आया है।
सुपौल जिले से आने वाले बिजेंद्र प्रसाद यादव लंबे समय से राज्य की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वे वर्ष 1990 से लगातार सुपौल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं और कई बार विधायक चुने जा चुके हैं। अपने लंबे राजनीतिक अनुभव के कारण उन्हें बिहार की राजनीति के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में गिना जाता है।
बिजेंद्र प्रसाद यादव का जन्म 10 अक्टूबर 1946 को सुपौल जिले में हुआ था। छात्र जीवन से ही उनका झुकाव समाजसेवा की ओर रहा और धीरे-धीरे वे राजनीति में सक्रिय हो गए। जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और क्षेत्रीय समस्याओं को उठाने के कारण उन्होंने सुपौल और कोसी क्षेत्र में मजबूत जनाधार बनाया।
अपने राजनीतिक जीवन में वे बिहार सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने अलग-अलग समय में ऊर्जा, योजना एवं विकास, वित्त, वाणिज्य कर, परिवहन, भवन निर्माण, जल संसाधन तथा पर्यावरण एवं वन विभाग जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली है।
सुपौल और कोसी क्षेत्र में बिजेंद्र प्रसाद यादव की पहचान एक अनुभवी और जमीन से जुड़े नेता के रूप में रही है। क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर वे लगातार सक्रिय रहे हैं।
बिहार के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। सुपौल सहित कोसी क्षेत्र के कई स्थानों पर लोगों ने मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर अपनी खुशी जाहिर की।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तीन दशक से अधिक का उनका अनुभव राज्य सरकार के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है और प्रशासनिक निर्णयों में उनकी भूमिका अहम रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

