राज्यसभा चुनाव में एनडीए के सभी उम्मीदवारों की जीत पीएम एवं सीएम के मजबूत नेतृत्व का परिणाम: सम्राट चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
राज्यसभा चुनाव में एनडीए के सभी उम्मीदवारों की जीत पीएम एवं सीएम के मजबूत नेतृत्व का परिणाम: सम्राट चौधरी


राज्यसभा चुनाव में एनडीए के सभी उम्मीदवारों की जीत पीएम एवं सीएम के मजबूत नेतृत्व का परिणाम: सम्राट चौधरी


उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पांचाें उम्मीदवाराें काे दी बधाई

पटना, 16 मार्च (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत एनडीए के सभी पांचों उम्मीदवारों की जीत पर खुशी जाहिर की है और उन्हें जीत की बधाई दी है। उपमुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन और न्याय के साथ विकास के नीति की जीत है।

उन्होंने एनडीए के सभी विधायकों का आभार जताते हुए कहा कि सभी ने एकजुट होकर उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों ने अपनी पार्टी, एनडीए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए वोट किया है। यह उनके एनडीए के प्रति समर्पण और बिहार के विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

सम्राट चौधरी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बधाई देते हुए कहा कि वे पांच बार विधायक और बिहार में एनडीए सरकार में वरिष्ठ मंत्री रहे हैं। बिहार के विकास में उनका महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। वे हमेशा जनता के सरोकार की राजनीति करते हैं। उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि विधानसभा के बाद अब वे उच्च सदन राज्यसभा की गरिमा को और बढ़ाने का काम करेंगे।

सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों में उन्होंने बिहार के विकास को नया आयाम दिया है। 2005 से पहले के जंगलराज वाले बिहार को अपने दूरदर्शी नेतृत्व से उन्होंने तेजी से विकास करने वाली राज्यों की श्रेणी में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार उनके योगदान को कभी नहीं भूल सकता है। उनके मार्गदर्शन में बिहार विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। नीतीश कुमार के लंबे संसदीय अनुभव का लाभ अब राज्यसभा को भी मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री चौधरी ने सामाजिक न्याय के पुरोधा स्व. कर्पूरी ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर और राष्ट्रीय लोकमोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को पुनः राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर बधाई दी और कहा कि इनके राजनीतिक अनुभव का लाभ राज्यसभा को मिलता रहेगा। उन्होंने शिवेश राम के राज्यसभा सदस्य बनने पर भी शुभकामनाएं दी। उन्हाेंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास के ध्येय पर राजनीति करती है। शिवेश राम का राज्यसभा के लिए चुना जाना इसका जीवंत उदाहरण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story