स्नातक-शिक्षक निर्वाचन को लेकर मतदान पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
स्नातक-शिक्षक निर्वाचन को लेकर मतदान पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण


दरभंगा, 13 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रेक्षागृह, दरभंगा में द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मास्टर ट्रेनरों ने मतदान कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान मतदान पदाधिकारियों को सामान्य निर्वाचन प्रक्रिया, मतपेटिका के समुचित संचालन, मतदान के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक प्रक्रियाओं तथा उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों के बारे में विस्तार से बताया गया। निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

मतदान कर्मियों को मतदान के दौरान सतर्कता बरतने, मतदाताओं के साथ नियमानुसार व्यवहार करने तथा मतदान की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के संबंध में भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सावधानी बरतना आवश्यक है, ताकि मतदान सुचारु, व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदान पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए दक्ष बनाना था। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं मतदान कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760327 Articles

Share this story