रिश्वत मांगने के आरोप में दरोगा निलंबित, ऑडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

दरभंगा, 29 मई (हि.स.)। दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने रिश्वत मांगने के आरोप में एससी-एसटी थाना में तैनात एक दरोगा को निलंबित कर दिया है।

पीड़ित से फोन पर पैसे मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, एससी-एसटी थाना में पदस्थापित दरोगा कृष्णदेव मरांडी पर कांड संख्या 94/25 के पीड़ित छेदी पासवान से फोन पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा था। मामले से जुड़ा एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मामले की जांच की जिम्मेदारी एससी-एसटी थाना अध्यक्ष अनिल कुमार रजक को सौंपी गई। जांच के दौरान वायरल ऑडियो में दरोगा कृष्णदेव मरांडी की आवाज स्पष्ट रूप से सुनाई देने की बात सामने आई। इसके बाद थाना अध्यक्ष ने दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने कृष्णदेव मरांडी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उन्हें सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर पुलिस केंद्र, दरभंगा में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story