अपराध नियंत्रण व लंबित मामलों की समीक्षा में एसएसपी सख्त, 15 थानाध्यक्षों का वेतन रोका, 14 को चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now

दरभंगा।, 08 जून (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन तथा शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने कई थानों के कार्यों पर गंभीर नाराजगी जताते हुए कड़ा रुख अपनाया।

समीक्षा बैठक में लापरवाही एवं कमजोर प्रदर्शन पाए जाने पर 15 थानाध्यक्षों के वेतन पर अगले आदेश तक रोक लगाने का निर्देश दिया गया, जबकि 14 थानाध्यक्षों को सख्त चेतावनी जारी की गई।

बैठक में वर्ष 2025 के मामलों में समर्पित आरोप पत्रों की कोर्ट रिसीविंग अपेक्षाकृत कम पाए जाने को गंभीर लापरवाही माना गया। इसके मद्देनजर लहेरियासराय, नगर, विश्वविद्यालय, सदर, सोनकी, बहादुरपुर, पतोर, विशनपुर, मोरो, केवटी, सिंहवाड़ा, बहेड़ा, बहेड़ी, बिरौल एवं घनश्यामपुर थाना के थानाध्यक्षों के वेतन पर अगले आदेश तक रोक लगाने का आदेश दिया गया।

समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि कई थानों में लंबित मामलों की संख्या निष्पादित मामलों की तुलना में तीन गुना से अधिक है। इस पर SSP ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए बहेड़ा, बहेड़ी, लहेरियासराय, सदर, विश्वविद्यालय, बहादुरपुर, केवटी, बिरौल, कमतौल, सिमरी, हायाघाट, घनश्यामपुर, मब्बी एवं विशनपुर थाना के थानाध्यक्षों को अपनी कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने की सख्त चेतावनी दी।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार तथा शराब तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा कमजोर प्रदर्शन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story