दरभंगा में शुरू हुआ शहर का पहला पिंक शौचालय

WhatsApp Channel Join Now
दरभंगा में शुरू हुआ शहर का पहला पिंक शौचालय


दरभंगा, 19 नवंबर (हि.स.)।

शहर में महिलाओं को सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने पहल की है। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर बुधवार को वार्ड संख्या 21 में शहर के पहले पिंक (महिला) शौचालय का उद्घाटन किया गया। मेयर अंजुम आरा, डिप्टी मेयर नाजिया हसन और नगर आयुक्त गरिमा लोहिया ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस सुविधा को महिलाओं को समर्पित किया।

इस अवसर पर मेयर अंजुम आरा ने कहा कि शहर के अन्य वार्डों में भी महिला शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने इस दिशा में पहल करने के लिए वार्ड पार्षद नवीन सिन्हा की सराहना की।

डिप्टी मेयर नाजिया हसन ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने महिला शौचालय निर्माण का वादा किया था, जिसे वार्ड पार्षद नवीन सिन्हा के प्रयास से पूरा किया गया है। नगर आयुक्त गरिमा लोहिया ने इसे महिलाओं के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि नगर निगम महिलाओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

वार्ड पार्षद नवीन सिन्हा ने कहा कि शौचालय का निर्माण कराने के साथ उसका समुचित उपयोग और नियमित संचालन सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि हरिबोल पार्क के किनारे राज्य का एकमात्र सरकारी महिला जिम भी संचालित है। पिंक शौचालय के संचालन की जिम्मेदारी महिलाओं को ही सौंपी जाएगी। इसकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन से विशेष सहयोग मांगा जाएगा।

उद्घाटन समारोह में सशक्त स्थायी समिति की सदस्य ज्योति कुमारी, नारद यादव, पूर्व पार्षद मधुबाला सिन्हा, चंद्रकांता, गुड़िया श्रीवास्तव, शोभा देवी, गौरी देवी, रेणु देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story