दरभंगा में हाईकोर्ट बेंच की उम्मीद बढ़ी, 25 एकड़ जमीन चिह्नित करने की घोषणा का स्वागत

WhatsApp Channel Join Now

दरभंगा, 23 नवंबर (हि.स.)। मिथिला की हृदयस्थली दरभंगा में पटना उच्च न्यायालय की खंडपीठ स्थापित करने की बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर जमीन चिह्नित करने की घोषणा से अधिवक्ताओं एवं न्यायार्थियों में प्रसन्नता है। एम्स के समीप हाईकोर्ट बेंच के लिए 25 एकड़ जमीन चिह्नित करने की मंत्री मदन सहनी की घोषणा का अधिवक्ताओं ने स्वागत करते हुए इस पहल के लिए मंत्री मदन सहनी एवं दरभंगा के सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर के प्रति आभार जताया है।

अधिवक्ताओं का कहना है कि दरभंगा में उच्च न्यायालय की खंडपीठ स्थापित होने से मिथिलांचल के लाखों लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए बार-बार पटना नहीं जाना पड़ेगा। इससे लोगों के समय और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी। खासकर गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को काफी सहूलियत मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने मानसून सत्र के दौरान केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात कर दरभंगा में उच्च न्यायालय की स्थायी खंडपीठ स्थापित करने तथा न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई थी।

इस पहल का स्वागत करने वालों में वरीय अधिवक्ता बैद्यनाथ झा, जितेंद्र नारायण झा, अरुण कुमार चौधरी, वीरेंद्र कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार चौधरी, विजय नारायण चौधरी, रमण जी चौधरी, रतन कुमार झा बब्लू एवं बार एसोसिएशन के महासचिव कृष्ण कुमार मिश्र शामिल हैं। वहीं, जिला न्यायार्थी संघ के चौधरी सुनील कुमार राय, गोविंद मिश्र, जयशंकर प्रसाद चौधरी, गोविंद झा एवं आनंद कुमार चौधरी ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story