शारदीय नवरात्र पर भक्तिमय हुआ दरभंगा, 229 स्थानों पर स्थापित हुईं मां दुर्गा की प्रतिमाएं
दरभंगा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। कलश स्थापना के साथ ही शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हो गया है। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मां दुर्गा की आराधना को लेकर भक्तिमय माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में 229 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जबकि दरभंगा शहर में 52 स्थानों पर पूजा-अर्चना हो रही है।
नवरात्र के पहले दिन से ही श्रद्धालु मां भगवती की पूजा में जुट गए हैं। मंदिरों और पूजा स्थलों पर धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए हैं। घरों में भी कलश स्थापना कर श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। कई भक्त नौ दिनों तक उपवास रखकर मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना कर रहे हैं।
विभिन्न पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। पूजा स्थलों पर आरती, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन से माहौल और भक्तिमय हो रहा है। नवरात्र को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मिथिलांचल की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा में शारदीय नवरात्र का विशेष महत्व है। यह पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे का संदेश भी देता है। श्रद्धालुओं को अब दुर्गापूजा और विजयादशमी के आयोजन का इंतजार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

