दरभंगा में रानीपुर में सहयोग शिविर में शामिल हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
दरभंगा में रानीपुर में सहयोग शिविर में शामिल हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन पर जोर


दरभंगा में रानीपुर में सहयोग शिविर में शामिल हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन पर जोर


पटना, 06 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी मंगलवार को राजकीय मध्य विद्यालय, रानीपुर, दरभंगा सदर में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल हुए।

इस दौरान उन्होंने शिविर में मौजूद अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार ने निर्णय लिया है कि प्रत्येक माह के प्रथम और तीसरे मंगलवार को बारी-बारी से सभी पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी है, वे अधिकारियों को आवेदन दें। ऐसे आवेदनों को रजिस्टर में दर्ज कर 24 घंटे के भीतर सीएम पोर्टल पर अपलोड किया जाना है और 30 दिनों के अंदर उनका निष्पादन सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को किसी आवेदन के निष्पादन से संतुष्टि नहीं है, तो वह सीएम पोर्टल पर दोबारा शिकायत दर्ज कर सकता है। प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को मुख्यमंत्री स्तर पर ऐसे मामलों की समीक्षा की जाती है। इसके अलावा 6, 7 और 8 अक्टूबर को सभी प्रखंडों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां लोग अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन कर सकते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार ने महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। प्रत्येक पंचायत में प्लस टू विद्यालय शुरू होने से बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम हुआ है। इसका परिणाम है कि उच्चतर शिक्षण संस्थानों में नामांकन की संख्या 2005 के लगभग चार लाख से बढ़कर आज करीब 27 लाख हो गई है।

उन्होंने सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे डिजिटल सहयोग का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि लाइव शिक्षकों के माध्यम से बच्चों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। पिछले महीने करीब 1.70 लाख बच्चों ने देर रात तक इस सुविधा का उपयोग कर पढ़ाई से संबंधित सहायता ली।

संजय सरावगी ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय की स्थिति का भी जायजा लिया और प्रखंड विकास पदाधिकारी को कायाकल्प योजना के तहत विद्यालय की मरम्मत का एस्टिमेट तैयार कर भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर जल्द मरम्मत कार्य कराया जाएगा। उन्होंने पात्र लोगों से राशन कार्ड के लिए आवेदन करने की अपील की और कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story