जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारी तेज, पदाधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना 2027 के दूसरे चरण की तैयारी तेज, पदाधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू


Darbhanga Bihar, 30 अक्टूबर (हि.स.)। देश की आगामी जनगणना 2027 के दूसरे चरण यानी मुख्य जनसंख्या गणना को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। डीएम ने दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसमें जिला, अनुमंडल एवं चार्ज स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र भारत की आठवीं जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्वरूप की सटीक तस्वीर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन का आधार बनते हैं। उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य जिले में 2 से 31 मई 2026 तक सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा चुका है। अब दूसरे चरण में मुख्य जनसंख्या गणना 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच प्रस्तावित है।

डीएम ने बताया कि इस बार जनगणना की प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए डिजिटल मोबाइल ऐप के माध्यम से पेपरलेस तरीके से संपन्न कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त नागरिकों को 10 से 25 जनवरी 2027 तक वेब पोर्टल के माध्यम से स्वगणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित मानकों, तकनीकी प्रक्रियाओं और दिशा-निर्देशों की बारीकी से जानकारी प्राप्त करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास समेत विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों को समझने और योजनाओं की प्राथमिकता तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए गणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम चार बैचों में संचालित किया जाएगा। इसमें राज्यस्तरीय मुख्य प्रशिक्षक रोहित कुमार एवं अमिताभ कुमार पदाधिकारियों को जनगणना की प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं की जानकारी देंगे। नगर आयुक्त गरिमा लोहिया ने भी गणना कार्य की गंभीरता पर जोर देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि गणना के दौरान किसी भी व्यक्ति का आंकड़ा छूटने न पाए।

कार्यक्रम में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी उदय नारायण प्रसाद, डीपीआरओ आशीष अमन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769616 Articles

Share this story