डंडखोरा उच्च विद्यालय से चोरी हुए 11 कंप्यूटर सेट बरामद, गिरोह के चार शातिर चोर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के डंडखोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुई भीषण चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए गिरोह के चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही पर विद्यालय से चुराए गए सभी 11 पीस कंप्यूटर मॉनिटर, 11 पीस सीपीयू और चार कीबोर्ड बरामद कर लिए हैं। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

बीते 17 अक्टूबर को अज्ञात चोरों ने डंडखोरा उच्च माध्यमिक विद्यालय से 11 कंप्यूटर सेट सहित मॉनिटर, सीपीयू और कीबोर्ड की चोरी कर ली थी, जिसके संदर्भ में डंडखोरा थाने में कांड संख्या 157/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त चारों अपराधियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार अभियुक्तों में डंडखोरा थाना क्षेत्र के मुस्लिम टोला निवासी मो. मनीर के दो पुत्र मो० इकबाल (27 वर्ष) एवं नूरशीद राय उर्फ पलटन राय (30 वर्ष), शंकरपुरा निवासी स्वर्गीय मेहरबान खान का पुत्र रोहताज खान उर्फ एमपी (27 वर्ष) तथा कमलाबाड़ी निवासी सुरेश मंडल का पुत्र क्रांति मंडल (31 वर्ष) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में से दो का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। नूरशीद राय पर आरपीएफ पोस्ट कटिहार में रेल संपत्ति चोरी अधिनियम तथा डंडखोरा थाने में चोरी का मामला दर्ज है। वहीं, रोहताज खान उर्फ एमपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित कदवा, डंडखोरा, नगर सहायक थाना कटिहार तथा भागलपुर जिले के जोगसर थाने में लूट और चोरी के कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने सभी बरामद सामानों को जब्त कर चारों आरोपियों के विरुद्ध अग्रतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767119 Articles

Share this story