भागलपुर के सरस्वती विद्या मंदिर में डांडिया नृत्य का आयोजन, नवदुर्गा के रूपों की हुई आरती

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर के सरस्वती विद्या मंदिर में डांडिया नृत्य का आयोजन, नवदुर्गा के रूपों की हुई आरती


भागलपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर एवं पूरणमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को विद्यालय परिसर में भव्य डांडिया नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों, विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार और शिशु मंदिर की प्रभारी ममता जायसवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

दुर्गा पूजा को अत्यंत पवित्र और आस्था का पावन पर्व बताते हुए, कार्यक्रम के दौरान नवदुर्गा के रूप में सजीं छोटी-छोटी बालिकाओं की प्रधानाचार्य अमरेश कुमार द्वारा विशेष आरती की गई और उनके चरणों की वंदना की गई।

इस अवसर पर छात्रा रोमा यदुवंशी ने अपने विचार रखते हुए कहा, दुर्गा पूजा असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। नारी के कई रूप होते हैं; वह अबला नहीं, बल्कि सबला है। समाज से नकारात्मकता और राक्षस रूपी बुराई को दूर कर अच्छाई की स्थापना करना ही इस पर्व का मुख्य उद्देश्य है। पारंपरिक वेशभूषा में सजे विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने डांडिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर सबका दिल जीत लिया।

डांडिया के अलावा कार्यक्रम में शैलपुत्री सहित माता के सभी नौ रूपों का जीवंत प्रदर्शन किया गया। साथ ही, राजस्थानी गीतों और प्रसिद्ध झिझिया लोकगीत पर आधारित लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों से पूरा माहौल उत्सवमय हो गया।

इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। मौके पर प्रभा झा, कुमारी सविता, सुगंधा कुमारी, शशि भूषण मिश्रा, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा सहित छात्रा चाहत, पीहू, आराध्या, निक्की, स्नेहा और पवन पंजियारा के साथ-साथ विद्यालय के सभी आचार्य बंधु एवं भगिनी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story