गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच ब्रह्मोत्तर बांध पर मरम्मत कार्य शुरू, सीओ ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच ब्रह्मोत्तर बांध पर मरम्मत कार्य शुरू, सीओ ने किया निरीक्षण


गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच ब्रह्मोत्तर बांध पर मरम्मत कार्य शुरू, सीओ ने किया निरीक्षण


भागलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश और गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गोपालपुर प्रखंड स्थित ब्रह्मोत्तर बांध की सुरक्षा के लिए जलसंसाधन विभाग पूरी तरह हरकत में आ गया है।

बारिश के कारण बांध में हुए कटाव को दुरुस्त करने के लिए विभागीय स्तर पर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है।

गोपालपुर के अंचलाधिकारी रौशन कुमार ने ब्रह्मोत्तर बांध का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बांध की संवेदनशीलता का जायजा लिया और मौके पर मौजूद जलसंसाधन विभाग के कनीय अभियंता संजीव कुमार से चल रहे फ्लड फाइटिंग और रिपेयरिंग कार्य की विस्तृत जानकारी ली।

सीओ ने बताया कि पूरे बांध की निगरानी की जा रही है और जहां भी कटाव या आवश्यकता दिख रही है, वहां जलसंसाधन विभाग तुरंत मरम्मत करा रहा है। बांध पर कार्य शुरू होने से स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

निरीक्षण के दौरान इस्माइलपुर-बिंट टोली बांध के स्पर संख्या 8 और 9 के बीच दोबारा हुए अतिक्रमण का मामला भी गरमाया। पूछने पर सीओ रौशन कुमार ने कहा कि यदि बांध पर दोबारा अतिक्रमण हुआ है, तो उसे जल्द ही हटाया जाएगा। पिछली बार भी प्रशासन ने इसे मुक्त कराया था।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष बाढ़ के दौरान बांध पर बने अवैध घरों और अतिक्रमण के कारण जलसंसाधन विभाग और जिला प्रशासन को राहत व बचाव कार्य चलाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी थी।

जिला आपदा प्रबंधन शाखा और जल संसाधन विभाग पहले ही अतिक्रमण हटाने के लिए पत्र जारी कर चुके हैं। अगर समय रहते इसे नहीं हटाया गया, तो इस बार भी आपदा के समय बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story