ब्रह्मपुर में बक्सर डाक मंडल के कार्य निष्पादन की समीक्षा बैठक आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
ब्रह्मपुर में बक्सर डाक मंडल के कार्य निष्पादन की समीक्षा बैठक आयोजित


बक्सर, 17 जुलाई (हि.स.)।

बक्सर डाक मंडल के कार्य निष्पादन एवं व्यवसायिक उपलब्धियों की समीक्षा हेतु ब्रह्मपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी ग्रामीण डाक सेवकों , संबंधित उप मंडलीय प्रधान एवं उनकी टीम ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बैठक की अध्यक्षता श्री शंभू कुमार, सहायक निदेशक (एफ.एस.) ने की। उन्होंने विभागीय योजनाओं एवं विभिन्न डाक उत्पादों के व्यवसाय, वित्तीय सेवाओं तथा जनसेवा की गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने ग्राहकों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएँ प्रदान करने तथा डाक व्यवसाय के विस्तार पर विशेष बल दिया। बैठक में कुमारी सरिता ने भी सहभागिता करते हुए विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार हेतु अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर राजीव कुमार, निरीक्षक डाक (व्यवसाय विकास) भी उपस्थित रहे। उन्होंने डाक विभाग के विभिन्न उत्पादों एवं सेवाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, नए ग्राहकों को जोड़ने तथा व्यवसाय वृद्धि के लिए सभी ग्रामीण डाक सेवकों एवं अधिकारियों को प्रेरित किया।

बैठक के दौरान प्रतिभागियों के साथ संवाद स्थापित कर क्षेत्रीय चुनौतियों एवं उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई। अंत में सभी अधिकारियों एवं ग्रामीण डाक सेवकों ने विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति, उत्कृष्ट ग्राहक सेवा तथा बक्सर डाक मंडल के समग्र प्रदर्शन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story