पटना में आयोजित दधीचि देहदान समिति के पंचम अधिवेशन में अररिया जिला के प्रदर्शन की सराहना

WhatsApp Channel Join Now
पटना में आयोजित दधीचि देहदान समिति के पंचम अधिवेशन में अररिया जिला के प्रदर्शन की सराहना


पटना में आयोजित दधीचि देहदान समिति के पंचम अधिवेशन में अररिया जिला के प्रदर्शन की सराहना


अररिया 10 अगस्त(हि.स.)।दधीचि देहदान समिति के चतुर्थ पंचम अधिवेशन का आयोजन रविवार को पटना में हुआ,जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य, सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, समिति के प्रदेश प्रधान महासचिव पद्मश्री डॉ. विमल जैन, पद्मश्री निलेश मांडेवाल, मेयर सीता साहू, भाजपा के संगठन प्रभारी भीखू भाई, डॉ. सुवास प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया सहित दर्जनों गणमान्य लोग शामिल हुए।

अधिवेशन में दधीचि देहदान समिति की अररिया जिला इकाई की ओर से काफी कम समय में मृत्योपरांत परिजनों की सहमति से 27 नेत्रदान कराए जाने की कार्य की प्रशंसा की गई और अन्य जिला इकाइयों को भी जागरूकता के साथ देहदान को लेकर किए जा रहे कार्यों को लेकर प्रेरणा लेने पर बल दिया गया।

अधिवेशन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि दधीचि देहदान समिति द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य सराहनीय हैं। समिति की सेवाओं को देखते हुए राज्य के सभी अनुमंडल एवं जिला स्तरीय अस्पतालों में उसे सहयोगी संस्था के रूप में जोड़ा जाएगा।

पटना में आयोजित कार्यक्रम में फारबिसगंज के समिति के स्थानीय संरक्षक विनोद सरावगी, शाहजहां शाद, कमलेश अग्रवाल एवं अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

अधिवेशन में अररिया शाखा के जिलाध्यक्ष अजातशत्रु अग्रवाल ने समिति की ओर से किए जा रहे जनसेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फारबिसगंज में अब तक 27 नेत्रदान कराए जा चुके हैं। साथ ही बिहार सरकार द्वारा टीबी मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराने की योजना के तहत अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी की पहल पर दधीचि देहदान समिति द्वारा पांच टीबी मरीजों को गोद लेकर आगामी छह माह तक पोषण किट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

अधिवेशन के दौरान अजातशत्रु अग्रवाल ने समिति के प्रदेश प्रधान महासचिव पद्मश्री डॉ. विमल जैन के माध्यम से मुख्यमंत्री को फारबिसगंज स्थित स्थानीय लायंस नेत्रालय में कॉर्निया संग्रह की व्यवस्था कराने की अनुमति प्रदान करने के संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा। इसके साथ ही 15 नए लोगों ने मरणोपरांत नेत्रदान का संकल्प पत्र भी समर्पित किया।

जानकारी अररिया जिलाध्यक्ष अजातशत्रु अग्रवाल ने अपने संरक्षक विनोद सरावगी, समिति के कोषाध्यक्ष इंजीनियर आयुष अग्रवाल, सह संरक्षक कमलेश अग्रवाल एवं जदयू के अररिया जिला अध्यक्ष पवन मिश्रा के साथ पटना से लौटने के बाद पत्रकारों को दी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story